गोवर्धन-गांठोली रोड पर डीग अड्डा के समीप शनिवार को आवारा पशु और कुत्ते के अचानक सामने आने से श्रद्धालुओं से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार चालक योगेश सहित आठ श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार अमरोहा निवासी उमेश का परिवार शनिवार को गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने के लिए गोवर्धन आया था। परिवार के सदस्य टेंपो से परिक्रमा कर रहे थे। इसी दौरान डीग अड्डा के समीप सड़क पर अचानक आवारा पशु और कुत्ता आ जाने से चालक ने टेंपो पर नियंत्रण खो दिया। टेंपो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में उमेश (65), ज्योति गुप्ता (35) सहित अन्य श्रद्धालुओं को चोटें आईं। वहीं टेंपो में सवार कुछ बच्चों को भी मामूली चोटें लगी हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नेहा चौधरी ने बताया कि उमेश और ज्योति गुप्ता को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई हैं, जबकि बच्चों सहित अन्य घायलों को मामूली चोटें हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है।