त्योहार समाप्त होने के बाद भी ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों को लगातार मशक्कत करनी पड़ रही है। रविवार को मैनपुरी जंक्शन पहुंची कानपुर-आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही कोच यात्रियों से खचाखच भरे हुए थे। ऐसे में स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को चढ़ने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे की ओर से मैनपुरी होकर कालिंदी एक्सप्रेस के साथ टूंडला-फर्रुखाबाद और कासगंज-शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा कानपुर-आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस का भी मैनपुरी जंक्शन पर ठहराव है। रविवार को यह ट्रेन दोपहर 12:36 बजे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के प्लेटफार्म पर आते ही यात्रियों में चढ़ने की होड़ लग गई। पहले से ही भरे कोचों में जगह बनाने के लिए यात्रियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। जिन यात्रियों को बैठने की जगह नहीं मिली, उन्हें खड़े होकर ही सफर करना पड़ा।