लखीमपुर खीरी। विद्याभारती विद्यालय सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर एवं शिशु वाटिका मिश्राना के संयोजन में बुधवार को पांच दिवसीय समर्थ शिशु श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। आयोजन के उपलक्ष्य में मातृशक्ति ने कलश यात्रा निकाली। वहीं, विद्यालय के बच्चों ने श्रीराम दरबार की झांकी और घोष के साथ शोभायात्रा निकाली। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जंगलीनाथ मंदिर पहुंची। यहां से कपूरथला होते हुए विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज के विशाल कक्ष में आयोजित कथा में व्यास पीठ से पंडित श्याम मनोहर मनावत ने आदर्श दांपत्य जीवन और श्रेष्ठ संतान के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि महाराज दशरथ-कौशल्या और वासुदेव-देवकी का जीवन आदर्श दांपत्य का उदाहरण है। पति-पत्नी के बीच श्रद्धा और विश्वास से ही श्रेष्ठ संतति का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि संसार को महामानव देने वाले माता-पिता का योगदान अतुलनीय है। कार्यक्रम में डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी मुख्य यजमान के रूप में मौजूद रहे। विद्याभारती के अधिकारी हरेंद्र जी, रामजी सिंह सहित शिक्षक, प्रबंध समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।