आस्था, श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण के अनूठे संगम के बीच रविवार को परमट स्थित कालीघाट में ढाई लाख गणेश-लक्ष्मी की पूजित मूर्तियों का भूविसर्जन किया गया। पुजारी संतोष शुक्ला ने पूजन कराया। शहर में 80 संग्रहण शिविरों के माध्यम से यह मूर्तियां एकत्र की गईं। इस तरह अमर उजाला एवं श्री ओमर वैश्य युवा परिवार की ओर से आयोजित पांचवें मूर्ति विसर्जन पर्व का समापन हो गया। मां गंगा आरती परिवार की ओर से आचार्य काली चरण दीक्षित और उनकी टीम ने आरती की। इस दाैरान रंग बिरंगी आतिशबाजी और प्रसाद वितरण किया गया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि यह अभियान जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का उदाहरण है। नगर निगम के सहयोग से शहर के 55 घाटों पर भूमि विसर्जन के लिए गड्ढे बनवाने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी ने अभियान में सहयोग करने वाले शिविर संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि ढाई लाख मूर्तियों का संग्रहण सवा लाख परिवारों को पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देने जैसा है। विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि श्री ओमर वैश्य युवा परिवार और अमर उजाला की इस मुहिम को और आगे बढ़ाया जाएगा। एमएलसी सलिल विश्नोई ने प्रत्येक घाट पर भूविसर्जन की व्यवस्था के लिए अपनी निधि से सहयोग देने का आश्वासन दिया। संचालन कौस्तुभ ओमर ने किया। कार्यक्रम में विजय गोरे, शैल शुक्ला, नरेंद्र ओमर, विनोद गुप्ता, नमन दीक्षित, अमोद त्रिपाठी, पार्षद आदर्श गुप्ता, अमित गुप्ता, अक्षय गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, संतोष ओमर, श्रीकृष्ण गुप्त, नीरज गुप्ता, दीपक गुप्ता, रामकुमार ओमर, महेंद्र गुप्ता, सक्षम गुप्ता, सीताराम गुप्ता, विवेक अग्निहोत्री, आलोक ओमर, देवा ओमर, आकाश ओमर, शास्वत ओमर, आयुष गुप्ता, अनीता गुप्ता, मोनी शर्मा, शालिनी ओमर आदि माैजूद रहे।।