फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: खाद कारोबारी ने दरोगा पर मारपीट का लगाया आरोप

हनुमंत विहार थाने में तैनात दरोगा शैलेंद्र कुमार वर्मा पर खाद कारोबारी योगेश कुमार ने बीच सड़क और फिर थाने में ले जाकर पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस कमिश्नर से शिकायत करते हुए कारोबारी ने बताया कि दरोगा ने थानाध्यक्ष राजीव सिंह के सामने कहा कि जानवर को इंसान बनाना ही पुलिस का काम है और उनकी न सिर्फ पिटाई की बल्कि जेब में रखे 2300 रुपये भी छीन लिए। मांगने पर कहा कि लिखापढ़ी हो गई है, अब कोर्ट से लेना। मामले की गंभीरता देख सीपी रघुबीर लाल ने दरोगा को तत्काल ही लाइन हाजिर कर दिया और पूरे मामले की जांच डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी को सौंपी है। सीपी का कहना है कि यदि जांच में थानाध्यक्ष भी आरोपी पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जामू गांव निवासी योगेश ने बताया कि सोमवार दोपहर वह अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। तभी गल्ला मंडी स्थित शुक्ला पेट्रोल पंप के सामने सामने आ रहा बाइक सवार कार से टकराकर चोटिल हो गया। अभी वह बाइक सवार को संभाल ही रहे थे कि तभी काले रंग की स्कार्पियों से उतरे दो-तीन लोग उनसे बोले कि 20 हजार रुपये दे दो तो मामले समझौता करा देंगे। योगेश के इन्कार करने पर स्कार्पियो सवार लोगों ने खुद फोन कर पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंचे दरोगा शैलेंद्र वर्मा भी उन पर रुपये देने का दबाव डालते हुए न सिर्फ अभद्रता करने लगा बल्कि उनसे हाथापाई भी की। योगेश का आरोप है कि इसके बाद दरोगा उन्हें जबरन थाने ले गया और वहां थानाध्यक्ष के सामने जानवर वाली बात कहते हुए उन्हें पीटा और जेब में रखे 2300 रुपये भी छीन लिए। योगेश का दावा है कि थाने में अभद्रता और पिटाई का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। योगेश ने बताया कि थाने में ही अनियमितता देख उन्होंने खुद ही अपना मेडिकल कराया। इसमें सिर व कान में चोटें निकली हैं। योगेश का कहना है कि जब बाइक सवार की ओर से कोई शिकायत ही नहीं दर्ज कराई गई तो दरोगा शैलेंद्र ने आखिर किस लिखापढ़ी के तहत उनके रुपये रख लिए। शिकायत सुनते ही सीपी ने थानाध्यक्ष से जानकारी की तो वह भी गोलमोल जवाब देने लगे। इस पर सीपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दिए। सीपी का कहना है कि स्कार्पियो सवार कौन लोग थे, जो लापरवाह पुलिस कर्मियों के लिए दलाली का काम करते हैं, उनकी गाड़ी का नंबर भी मिला है, जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें