मवैया मार्ग पर सोमवार शाम छह बजे के करीब सड़क पर पड़ी मौरंग को बचाने में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अमोलर गांव निवासी विक्रम उर्फ राजकमल (30) बाइक से तालग्राम जा रहे थे। वहीं, तिर्वा के रामपुर निवादा निवासी अतुल कश्यप (25) नानी के घर से वापस आ रहे थे। अतुल के साथ गांव के मोहित (14) पुत्र सुरेंद्र भी थे। बाइक सड़क पर पड़ी मोरंग के कारण अनियंत्रित हो गई और विक्रम की बाइक से टकरा गई। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने एबुलेंस से घायलों को सीएचसी भेजा, जहां पर डाॅक्टर ने विक्रम और अतुल को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।