जनहित की विभिन्न मांगों को लेकर भाकपा माले की ओर से चलाया जा रहा धरना मंगलवार को 16वें दिन भी जारी रहा। धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी जमाल खान ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने से आरोपियों को संरक्षण मिलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि जनहित के सवालों को लेकर शुरू किया गया आंदोलन मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। जिला कमेटी सदस्य कृष्ण नारायण वर्मा ने आरोप लगाया कि ग्राम सभाओं के तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर सत्ता पक्ष से जुड़े दबंगों द्वारा कब्जा किया जा रहा है। शिकायतों के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस दौरान पंकज पासवान, राजीव कुमार, संतोषी मौर्य, मोहम्मद अयूब, मुश्ताक अहमद, आशीष कुमार, कलावती, मायावती समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।