गोंडा में बाढ़ की स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने राहत अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर तरबगंज तहसील के बाढ़ प्रभावित ग्राम जबरनगर और गढ़ी में 1100 से अधिक परिवारों को राहत सामग्री किट वितरित की गई। तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह और जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी, एसडीएम तरबगंज, जिला आपदा विशेषज्ञ और तहसीलदार लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं। अधिकारी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं व जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं। इस दौरान प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट भी वितरित किए गए।