फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजीपुर में सिलिंडर रिसाव से लगी आग, बाइक की पेट्रोल टंकी फटने से दो दोस्तों की मौत

गाजीपुर जिले में जमानिया कोतवाली क्षेत्र के देवड़ी गांव में सोमवार सुबह गैस सिलिंडर के रिसाव से लगी आग उस समय भयावह हो गई, जब कमरे में खड़ी बाइक की पेट्रोल टंकी तेज धमाके के साथ फट गई। आग से बचने के लिए बगल के कमरे की पटनी पर छिपे दो दोस्तों सुंदरम यादव (12) और विशाल शर्मा (14) इसकी चपेट में आ गए। दोनों की झुलसकर मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह के अनुसार, हादसे के समय दोनों बच्चे घर के आंगन में बैठे थे और आग फैलने पर घबराकर कमरे में जाकर पटनी पर चढ़ गए थे। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि देवड़ी गांव निवासी सुंदरम यादव अपनी बहन रेखा के साथ पड़ोस में रहने वाले दोस्त विशाल शर्मा के घर दूध लेने गया था। दूध लेने के बाद दोनों आंगन में बैठकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान विशाल की मां मीना देवी रसोई में खाना बना रही थीं। अचानक सिलिंडर से गैस का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर मीना देवी और रेखा बाहर निकल गईं। वहीं, आंगन में मौजूद सुंदरम और विशाल घबरा गए और जान बचाने के लिए पास के कमरे में जाकर पटनी पर चढ़ गए। आग कमरे तक पहुंची तो वहां खड़ी बाइक की पेट्रोल टंकी तेज धमाके के साथ फट गई। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर खंडहर में तब्दील हो गया। पटनी पर छिपे दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें