आशा कर्मियों की लंबित मांगें पूरी करने, छात्र नेताओं और 250 आशा कर्मियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को एपवा और भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। बिछियां धरना स्थल से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसके बाद हुई सभा में एपवा की राज्य सचिव कुसुम वर्मा ने सरकार से आशा कर्मियों के साथ न्याय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन की 13 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनने के बाद सात फरवरी को हड़ताल समाप्त हुई थी। इसके बावजूद सहमतियों को लागू नहीं किया गया। 23 अक्टूबर को लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आशा कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल की मिशन निदेशक और अन्य अधिकारियों से सकारात्मक वार्ता हुई थी। इसके बाद कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया था। आरोप लगाया कि इसके बावजूद आलमबाग थाने में एक्टू नेताओं, छात्र नेताओं और 250 आशा कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।