बिजनौर के हल्दौर क्षेत्र के गांव लाड़नपुर में 55 वर्षीय कलवा शर्मा का शव बुधवार रात घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। अविवाहित कलवा गांव स्थित अपने घर में अकेला रहता था और श्रमिक था। दशहरा पर्व पर मायके आई उसकी बहन पुष्पा शर्मा के साथ वह रामलीला देखने गया था, लेकिन बाद में बिना बताए घर लौट आया। रात में रामलीला देखकर लौटी बहन ने दरवाजा अंदर से बंद पाया। कुछ युवकों की मदद से दरवाजा खुलवाकर अंदर पहुंची तो भाई का शव दीवार में लगे हुक से कपड़े के सहारे लटका मिला। सूचना पर थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजन उसकी मौत को लेकर असमंजस में हैं।