बिजनौर के धामपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव मकरंदपुर मानक उर्फ कलाली में राशन डीलर के चयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय किसान यूनियन प्रकाश गुट के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने 14 अक्टूबर को हुए चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे निरस्त कर दोबारा निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौहान ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने कथित तौर पर मिलीभगत कर प्रधान पक्ष के व्यक्ति का चयन कराया। बुधवार को कार्यकर्ता धामपुर ब्लॉक मुख्यालय पर खंड विकास अधिकारी से मिलने पहुंचे, लेकिन उनके कार्यालय में मौजूद न होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने एसडीएम से भी शिकायत की है। संगठन ने चेतावनी दी कि जांच के बाद चुनाव निरस्त कर दोबारा प्रक्रिया नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा।