बाराबंकी के रामसनेहीघाट में सराफा कारोबारी भाइयों से जेवर और नकदी से भरा बैग लूटने के प्रयास के मामले में फरार दो इनामिया बदमाश बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। गदुल्हदेपुर के पास घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसमें एक सिपाही की हथेली में गोली लग गई। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर सीएचसी, रामसनेहीघाट में भर्ती कराया है। दोनों पर कुल 40 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बताते चलें कि 28 अक्तूबर को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर कोटवा सड़क स्थित दुकान बंदकर सराफा कारोबारी सत्यम और उनके भाई घर लौट रहे थे। सिद्धौर मार्ग पर दो बाइकों से आए चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक भाई से जेवर और नकदी से भरा बैग लूट लिया था। वारदात के दौरान करीब 200 मीटर आगे एक बदमाश की बाइक फिसल गई थी। इसके बाद बदमाश बैग छोड़कर भाग निकले थे। इस मामले में पुलिस ने एक दिन पहले ही कुशीनगर और जौनपुर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। विवेचना में नाम प्रकाश में आने के बाद सीतापुर के सिधौली थाना क्षेत्र के वाड़ी गांव निवासी राहुल दीक्षित पर 25 हजार और रामसनेहीघाट के गढ़ी मजरे मऊ गौरपुर निवासी सौरभ कुमार वर्मा पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उनके पास से तमंचे, बिना नंबर की काली स्कूटी बरामद की गई है। घायल सिपाही अभिषेक का भी उपचार कराया गया है।