तुलसीपुर क्षेत्र के सेखुइनिया कला निवासी 46 वर्षीय कारोबारी रंजीत सैनी की बुधवार रात मौत हो गई। ट्रक का पहिया चोरी करने के आरोप को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिसकर्मी उसे पूछताछ के लिए थाने ले गए थे। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब नौ बजे आरक्षी रत्नेश कुमार और देवाशीष मिश्रा रंजीत को थाने ले गए। वहां तबीयत बिगड़ने पर उसे सीएचसी तुलसीपुर पहुंचाया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय से इलाज नहीं मिला। उनके पहुंचने के बाद उपचार शुरू हुआ और देर शाम रंजीत को घर भेज दिया गया। रात करीब 10 बजे उसकी तबीयत फिर बिगड़ी। परिजन उसे एंबुलेंस से सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रंजीत के चचेरे भाई पाटेश्वरी सैनी की तहरीर के मुताबिक, ट्रक के टायर को लेकर 20 अक्तूबर को परमजीत सिंह सरदार से विवाद हुआ था। युवक की मौत से नाराज ग्रामीण बौद्ध परिपथ जाम करने पहुंचे। अधिकारियों की वार्ता और कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि रंजीत को बिना अनुमति थाने बुलाने और उच्चाधिकारियों को सूचना न देने के आरोप में दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।