फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच: चहलवा गांव में पिंजरा लगने के एक घंटे में कैद हुआ तेंदुआ

पिछले कई दिनों से मवेशियों का शिकार कर रहे तेंदुए को वन विभाग ने बुधवार को चहलवा गांव में पिंजरा लगाकर पकड़ लिया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद वन विभाग ने तेंदुए की आवाजाही वाले स्थान की सटीक जानकारी जुटाकर साजित के खेत में शाम करीब 5:30 बजे पिंजरा लगाया। पिंजरे में बकरी को चारे के रूप में बांधा गया था। वन विभाग की रणनीति काम कर गई और पिंजरा लगने के करीब एक घंटे के भीतर ही शाम 6:30 बजे तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही गांव में हलचल मच गई। लगातार मवेशियों के शिकार से परेशान ग्रामीणों ने तेंदुए के पकड़े जाने पर राहत की सांस ली। सूचना पर कतर्नियाघाट के वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़, डिप्टी रेंजर मयंक पांडेय, वन रक्षक कौशल किशोर सिंह समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम पकड़े गए तेंदुए को सुरक्षित रेंज कार्यालय ले गई। अधिकारियों के अनुसार तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार उसके संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में ग्रामीणों की सूचना के आधार पर तेंदुए की आवाजाही वाले स्थानों की पहचान कर वन विभाग पिंजरे लगा रहा है। सटीक लोकेशन मिलने पर कम समय में तेंदुए के पकड़े जाने से विभाग की रणनीति को सफलता मिल रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें