अयोध्या के रुदौली तहसील में मंगलवार को हुए घटनाक्रम को लेकर बुधवार को अधिवक्ताओं ने विरोध जताया। बार सभागार में बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जुलूस निकाला और नारेबाजी की। अधिवक्ता अखंड प्रताप सिंह ने एसडीएम पर अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन को शिकायती पत्र दिया है। अधिवक्ताओं का आरोप है सोमवार को एक आरोपी को एसडीएम कोर्ट में पेश किए बिना जेल भेज दिया गया था। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई। अधिवक्ता अखंड प्रताप सिंह का आरोप है कि मंगलवार को आरोपी की जमानत के लिए एसडीएम के पास जाने पर उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया। उन्होंने मोबाइल फोन भी मेज पर रखवाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। इसे लेकर बुधवार सुबह करीब 10 बजे अधिवक्ता बार सभागार में एकत्र हुए। बैठक के बाद तहसील परिसर में जुलूस निकालकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया। एसडीएम बोले- कोर्ट की कार्यवाही में व्यवधान किया जा रहा था एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता ने अधिवक्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कोर्ट में वीडियो बना रहे थे व कोर्ट के काम मे व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा था। इसी को लेकर स्थिति बनी थी। उन्होंने कहा कि बुधवार को वह तहसील से बाहर हैं। बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से वार्ता की जाएगी और बातचीत के माध्यम से मामले का समाधान निकाला जाएगा।