अयोध्या के तारुन में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत कृषि विभाग द्वारा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में चूहा-छछूंदर नियंत्रण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। विभाग के निर्देश पर ग्राम सभा थरियाकला में प्राविधिक सहायक कनिष्का, तारडीह में राकेश कुमार वर्मा तथा देवरी-रंजीतपुर में कृषि रक्षा प्रभारी मनमोहन द्वारा किसानों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि चूहे व छछूंदर न केवल फसलों को भारी नुकसान पहुंचाते हैं बल्कि कई संचारी रोगों को भी फैलाते हैं। खेत में ये धान, गेहूं व गन्ने की फसल को कुतर कर 5 से 10 प्रतिशत तक उत्पादन घटा देते हैं। घरों में अनाज, कपड़े व बिजली के तारों को नुकसान पहुंचाते हैं। इनके मल-मूत्र से दूषित भोजन खाने से प्लेग, लेप्टोस्पायरोसिस, साल्मोनेला व रैट बाइट फीवर जैसे गंभीर रोग फैलते हैं। प्रभारी राष्ट्रीय बीज भंडार कन्हैया लाल ने बताया कि यह अभियान इस माह तक चलेगा। कृषि रक्षा प्रभारी मनमोहन ने किसानों को बिलों में पानी भरना, जाल लगाना व 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध जिंक फास्फाइड जैसी मूषकनाशी दवाओं के सुरक्षित प्रयोग के बारे में जानकारी दी।