अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में दाखिल आरोपपत्र को लेकर अयोध्या बार एसोसिएशन ने पुलिस की विवेचना पर सवाल उठाए हैं। अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने आरोप लगाया कि विवेचना के दौरान ऐसे लोगों को बचाया गया, जिनकी भूमिका चोरी में रही या जिन्होंने आरोपियों का सहयोग किया। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपियों को कटघरे में खड़ा कराने तक संघर्ष जारी रहेगा। कालिका मिश्रा के अनुसार संघ ने चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव और कृष्ण मोहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए रामजन्मभूमि थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। संघ की ओर से विवेचक को 10 लोगों के शपथपत्र और नौ अधिवक्ताओं के बयान भी दिए गए, लेकिन इनकी अपेक्षित जांच नहीं की गई। संघ ने भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में दाखिल आरोपपत्र पर आपत्ति जताई है।