अयोध्या के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शुजागंज में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत सामने आई। शासन की ओर से जन आरोग्य मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है, लेकिन निर्धारित समय में ही अस्पताल से चिकित्सक समेत सभी स्वास्थ्यकर्मी नदारद मिले। अमर उजाला की टीम दोपहर 2:46 बजे शुजागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची तो अस्पताल खुला मिला, लेकिन पूरे परिसर में सन्नाटा पसरा था। चिकित्सक कक्ष की कुर्सी खाली थी और मेज पर दवाइयां रखी थीं। अस्पताल में न तो चिकित्सक मौजूद थे और न ही कोई अन्य स्वास्थ्यकर्मी मिला। जन आरोग्य मेले में ड्यूटी के लिए लगाए गए सभी कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन ग्रामीणों को रविवार के दिन निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा देने के उद्देश्य से किया जाता है। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होनी चाहिए। इसके बावजूद दोपहर 2:46 बजे शुजागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर किसी भी कर्मचारी का मौजूद नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ऐसे में ग्रामीणों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करते हैं।