अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जा रहे कानपुर के एक परिवार की अर्टिगा कार रविवार सुबह एनएच-27 पर फेलसंडा के पास निजी बस में पीछे से घुस गई। हादसे में तीन महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कानपुर के सचेंडी गांव निवासी पंकज सिंह का परिवार रविवार सुबह करीब 8:30 बजे अर्टिगा कार से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि फेलसंडा के पास आगे चल रही निजी बस के चालक ने सवारी बैठाने के चक्कर में अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रही कार अनियंत्रित होकर बस में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। हादसे में कार चालक राहुल यादव (29), ज्योति (45), प्रीति (29), पिंकी (22), जिगर (35), प्रशांत कुमार (28), पंकज सिंह (30) और आशीष वर्मा (28) घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से सीएचसी रुदौली पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद ज्योति, प्रीति और प्रशांत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के डॉक्टर आकाश मोहन ने बताया कि तीन घायलों में फ्रैक्चर की आशंका है। एक्सरे की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद परिवार ने दर्शन का कार्यक्रम रद्द कर कानपुर लौटने का फैसला किया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।