अयोध्या के मिल्कीपुर क्षेत्र में रायबरेली अयोध्या राजमार्ग पर डबल नहर के पास शुक्रवार शाम सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में पैदल सड़क पार कर रहा युवक और बाइक सवार घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया गया। कुमारगंज थाना क्षेत्र के सथरी गांव निवासी सतीश शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे बाइक से मिल्कीपुर की ओर से घर जा रहे थे। डबल नहर के पास इसी दौरान सड़क पार कर रहे संतोष को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें निजी वाहन से 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले गए। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार सतीश को 108 एंबुलेंस की मदद से 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया। हादसे के बाद हाईवे एंबुलेंस सेवा 1033 की व्यवस्था पर भी सवाल उठे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद करीब 45 मिनट तक हाईवे एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।पहले काफी देर तक फोन नहीं उठाया गया। करीब आधे घंटे बाद फोन उठने के बाद एंबुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हालांकि, तब तक एक घायल को परिजन निजी वाहन से और दूसरे को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा चुके थे।