अयोध्या: अयोध्या बिना किसी विभागीय आदेश के शनिवार को रूदौली तहसील क्षेत्र के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय बंद रहे। इसको लेकर विभाग और शिक्षकों के अलग-अलग तर्क सामने आए हैं। सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी रमाकांत का कहना है कि विभाग की ओर से छुट्टी का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। वहीं, शिक्षकों का कहना है कि बेसिक शिक्षा सचिव की ओर से जारी अवकाश सूची में पितृ विसर्जन का अवकाश घोषित है। इसी आधार पर विद्यालय बंद रहे। तहसील क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनवा, प्राथमिक विद्यालय हरिहरपुर, कंपोजिट विद्यालय रामपुर गुदारा, प्राथमिक विद्यालय खैरनपुर, कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय नयागंज रूदौली, प्राथमिक विद्यालय पूरे सालार मवई और उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे शाह लाल सहित लगभग 220 विद्यालयों में शनिवार को पढ़ाई नहीं हुई। प्राथमिक विद्यालय खैरनपुर की प्रधानाध्यापिका सरोज भारती, कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय नयागंज रूदौली के प्रधानाध्यापक अवनीश श्रीवास्तव और प्राथमिक विद्यालय पूरे सालार मवई की प्रधानाध्यापिका अर्चना पांडेय का कहना है कि बेसिक शिक्षा सचिव की ओर से जारी अवकाश सूची में पितृ विसर्जन के अवसर पर छुट्टी घोषित है। इसी वजह से विद्यालय बंद रहे। वहीं, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी रमाकांत ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से अवकाश का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि बेसिक शिक्षा सचिव की ओर से जारी सूची में पितृ विसर्जन का अवकाश घोषित है।