अमेठी जिले शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने जा रहे बाइक सवार दो बदमाशों की मंगलवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में अयोध्या निवासी शातिर बदमाश वकील उर्फ सेनापति के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके भाई चांद को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, स्प्लेंडर बाइक और सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए हैं। सेनापति पर अमेठी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ 15 दिन पहले शिवरतनगंज क्षेत्र के चार घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कुकहा रामपुर गांव के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवरतनगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश स्प्लेंडर बाइक से किसी वारदात के लिए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसके भाई चांद को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तमंचा, जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के जेवर और स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश वकील उर्फ सेनापति अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के इटौजा गांव का निवासी है। उसके खिलाफ प्रदेश के कई जिलों में चोरी समेत 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह अपने साथियों के साथ अमेठी, अयोध्या और लखनऊ समेत कई जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।