बहू के इलाज में उधार लिए रुपये चुकाने के लिए एक महिला चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगी। थाना सदर बाजार पुलिस ने ज्वैलरी शोरूम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए महिला चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। एडिशनल डीसीपी सिटी मनोज कुमार ने बताया कि 31 अक्तूबर को सदर के सुल्तानपुरा स्थित सचिन ज्वैलर्स में चोरी हुई थी। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला शकीला पत्नी स्व अब्दुल सुल्तानपुरा स्थित दरगाह पर आती थी। इसी दौरान उसने शोरूम की रेकी की और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना शोरूम के सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई थी। पुलिस के मुताबिक, महिला की बहू के इलाज में काफी रकम खर्च हुई थी। इसके लिए उसने उधार लिया था। कर्ज चुकाने के लिए वह चोरी करने लगी। उसके पास से सोने की 16 चूड़ियों समेत अन्य स्थानों से चोरी किए गए सोने-चांदी के काफी आभूषण बरामद हुए हैं। थाना सदर बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।