फतेहपुर सीकरी। हाईवे स्थित मंडी कुरुक्षेत्र में मंगलवार रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। डीजे साउंड की दुकान से सात एम्पलीफायर मशीन, आठ फॉग लाइट, दो मिक्सर मशीन समेत अन्य सामान और पास की परचून की दुकान से गुटखा, सिगरेट व हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह दुकानदारों के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। जानकारी के अनुसार, राजेश पुत्र कमल सिंह की डीजे साउंड की दुकान में चोर नकब लगाकर घुसे। यहां से सात एम्पलीफायर मशीन, आठ फॉग लाइट, दो मिक्सर मशीन और अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद चोरों ने पास स्थित राजपाल पुत्र नारायण सिंह की परचून की दुकान को निशाना बनाया। दुकान से गुटखा, सिगरेट, अन्य सामान और हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह दोनों दुकानदार दुकान पर पहुंचे तो ताले और सामान गायब मिला। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित दुकानदारों ने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। टीम गठित कर घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।