कोसीकलां के नंदगांव रोड पर बरसाना में शिव पुराण कथा सुनने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टेंपो के परखच्चे उड़ गए। टेंपो में सवार एक युवती लतेश की मौत हो गई, नौ श्रद्धालु घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। आगरा के लोहामंडी स्थित कुम्हार वाली गली निवासी राजेंद्र सिंह, निशा, करन, पुष्पा, माया देवी, चंद्रकांत, रेखा, जगन, रजनी सिंह और लतेश शुक्रवार सुबह टेंपो में सवार होकर बरसाना जा रहे थे। नंदगांव की पुलिया के समीप तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने टेंपो को चपेट में ले लिया। आमने-सामने की टक्कर हुई। श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग पहुंच गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवती लतेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है, पुलिस आवश्यक मदद पहुंचाने का प्रयास कर रही है।