आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में चोरों ने दौसा-घिरोर 765 केवी हाईटेंशन लाइन को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर रात के अंधेरे में करीब 1700 मीटर एल्युमिनियम कंडक्टर तार काटकर ले गए, जबकि 3392 मीटर तार को क्षतिग्रस्त कर लाइन पर लगे 28 स्पेंसर तोड़ गए, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। बाजेल प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिषेक रंजन ने थाना खेरागढ़ में दी तहरीर में बताया है कि 7 सितंबर की रात गांव समाधी के पास लाइन पर चोरी की वारदात हुई। मंगलवार सुबह एक किसान द्वारा सूचना दिए जाने पर टीम मौके पर पहुंची। एसीपी खेरागढ़ सुनीता चौहान ने बताया कि मामले में कंपनी अधिकारियों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।