आगरा। कागारौल थाना क्षेत्र के गांव मुरकिया में बुधवार तड़के कंबल में छिपे सांप ने एक ही चारपाई पर सो रहे भाई-बहन को डस लिया। हादसे में 10 वर्षीय कामिनी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय पंकज की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, ठंड के चलते कामिनी और पंकज एक ही चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान कंबल में छिपे सांप ने पहले कामिनी को डसा और फिर पंकज के पैर से लिपटकर उसे भी काट लिया। पंकज के शोर मचाने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। दोनों को तत्काल आगरा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान कामिनी ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बुधवार रात बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं गंभीर हालत में पंकज को शमसाबाद रोड स्थित जीआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कामिनी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।