आगरा के जैतपुर के मुकुंदपुरा-गढ़वार लिंक मार्ग पर बारिश में सड़क कट गई थी। गहरे कटान के गड्ढे में 2 सितंबर को एंबुलेंस फंस गई थी। प्रसव में देरी से नवजात की जान चली गई थी। अमर उजाला ने 7 सितंबर के अंक में 'और भी कई सड़कों पर हैं मौत के गड्ढे' शीर्षित खबर प्रकाशित कर जिम्मेदारों का ध्यान खींचा था। जरार-मंगदपुर का डेढ़ किमी लंबा लिंक मार्ग गड्ढों से छलनी हो गया था। कई जगह पर सड़क के कटान से गहरे गड्ढे हो गये थे। गड्ढों में पानी भरने से दो पहिया वाहन चालक तक गिर कर चोटिल हो रहे थे। धोबई के अर्जुन सिंह, सुरेश सिसोदिया, मंगदपुर के दिनेश यादव, बबलू ने चार पहिया वाहनों के गड्ढों के कटान से टायर फट जाने एवं बारिश के दिनों में मुश्किलें बढ़ जाने की पीड़ा व्यक्त की थी। लोक निर्माण विभाग ने पहले मुकुंदपुरा-गढ़वार लिंक मार्ग को दुरुस्त कराया था। शुक्रवार को जरार-मंगदपुर लिंक मार्ग की मरम्मत के लिए बुलडोजर से डामर की ऊपरी परत को उधेड़ने का काम शुरू हो गया। पुरानी जर्जर सड़क उधेड़े जाने के बाद मार्ग का जीर्णोद्धार होगा। पीडब्ल्यूडी के जेई चन्द्रकेश ने बताया कि जल्द ही सड़क के जीर्णोद्धार का काम पूरा हो जाएगा।