आगरा के कस्बा इरादतनगर से खेरागढ़ तहसील मुख्यालय तक सवर्ण समाज के युवाओं ने बाइक रैली निकालकर यूजीसी एवं जातिगत आरक्षण के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम नरेंद्र गंगवार को सौंपा। बृहस्पतिवार को करीब एक सैकड़ा युवक दर्जनों बाइकों पर हाथों में तिरंगा, बैनर और पोस्टर लेकर रैली के रूप में खेरागढ़ पहुंचे। तहसील परिसर में प्रदर्शनकारी युवाओं ने शिक्षा और रोजगार में समान अवसर, योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया तथा यूजीसी की नीतियों एवं भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष समीक्षा की मांग उठाई। कहा कि युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए एवं जातिगत आरक्षण को समाप्त कर आर्थिक स्थिति पर आरक्षण व्यवस्था लागू की जाए। वहीं अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के कथित दुरुपयोग के मामलों में निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान हरीश त्यागी, विवेक, सुधाकर, राजेश संदीप, उमेश, प्रदीप, तेजप्रकाश आदि शामिल रहे।