आगरा के खंड शिक्षक और खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को ब्लॉक परिसर बिचपुरी में बनाए गए तीन बूथों पर मतदान जारी है। मतदान की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। स्नातक मतदाताओं के लिए ब्लॉक सभागार में बूथ संख्या 32 और 32अ बनाए गए हैं, जबकि शिक्षक मतदाताओं के लिए बीडीओ कार्यालय के पास स्थित हॉल में बूथ संख्या 14 निर्धारित किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार, बूथ संख्या 32 पर 1000, बूथ संख्या 32ए पर 869 और शिक्षक बूथ संख्या 14 पर 835 मतदाता हैं। सुबह नौ बजे आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी अंबरीश पाल सिंह ने अपनी पत्नी अपराजिता सिंह के साथ बूथ संख्या 32ए पर मतदान किया। मतदान की स्थिति का जायजा लेने के लिए डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट हेमंत मिश्रा, एसडीएम सदर विक्रम राघव और एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही भी ब्लॉक परिसर पहुंचे। वहीं, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने भी बिचपुरी पहुंचकर मतदान की जानकारी ली।