नवरात्र के पावन अवसर पर कैला देवी मंदिर में आरती करके लौट रहीं चार सहेलियों को क्या पता था कि चंद कदमों का रास्ता उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक मंजर बन जाएगा। शुक्रवार रात कालिंदी विहार के एच ब्लॉक में तेज रफ्तार लोडर ने चारों को रौंद दिया। हादसे में एमकॉम की छात्रा खुशबू जुरैल (22) की मौत हो गई, जबकि उसकी छोटी बहन भूमि और सहेलियों की आंखों के सामने खुशबू ने दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल निशा चौधरी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। शिखा कुशवाहा के जबड़े में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे की चश्मदीद छोटी बहन भूमि बदहवास है। उसकी आंखों के सामने से वह खौफनाक मंजर हट नहीं रहा। रोते हुए भूमि ने बताया कि लोडर की टक्कर लगने के बाद खुशबू अगले पहिये के नीचे फंस गई थी। करीब 10 मिनट तक वह पहिये में फंसी रही और मदद के लिए पुकारती रही। बहन को तड़पता देख भूमि कुछ समझ नहीं पा रही थी। चाहकर भी वह उसे बचा नहीं सकी। उसकी आंखों के सामने ही खुशबू की सांसें थम गईं। जिस बहन के साथ कुछ देर पहले मंदिर में आरती की थी, उसे इस हालत में देखकर भूमि का कलेजा कांप उठा।