आगरा के थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के गांव बरपुरा में मंगलवार दोपहर जमीन के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमलावरों मां-बेटी को बाल पकड़कर घसीटने और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में महिला, उसका पांच साल का बेटा और 12 साल की बेटी घायल हुई है। घायल भूरी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बताया वह अपने मकान का निर्माण करा रही हैं। मंगलवार दोपहर दो बजे करीब बाउंड्री लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान परिवार के कुछ लोग एक महिला के साथ वहां पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए उक्त लोग निर्माणाधीन बाउंड्री की ईंटें उखाड़कर फेंकने लगे। पति संतोष ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। भूरी देवी का आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान आरोपियों ने उनके पांच वर्षीय पुत्र ललित और 12 वर्षीय पुत्री दीक्षा के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। भूरी का आरोप यह भी है कि आरोपियों ने बेटी और उनके बाल पकड़कर घसीटा। बुरी तरह पीटा। आरोपी घर के अंदर घुस गए और आभूषण व नकदी ले गए। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। एसीपी पिनाहट अनिल कुमार ने बताया कि जमीन के विवाद में मारपीट की जानकारी मिली है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। घायल बच्चे का मेडिकल कराया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।