यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग को लेकर निकाली गई स्वर्ण समाज की यात्रा शिमला पहुंच गई है। यात्रा में शामिल लोग सचिवालय के बाहर धरने पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। देवभूमि पार्टी के अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की ओर से पारित यूजीसी कानून के प्रावधानों पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि इस कानून से स्वर्ण समाज के बच्चों के साथ अन्याय हुआ है। इसी के विरोध में उन्होंने केंद्र सरकार से कानून को वापस लेने की मांग उठाई है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यूजीसी कानून वापस लेने की मांग पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।