मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को हिमरत्न कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल पदक विजेताओं को पुरस्कार राशि वितरित की। इस दाैरान एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल रहीं कप्तान पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना व पूर्व कप्तान रितु नेगी को भी पुरस्कार राशि दी गई। इस दाैरान सीएम सुक्खू ने कहा कि जिन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर टीम इवेंट में जीत हासिल की है, उन्हें पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके अलावा टीम इवेंट में शामिल किसी खिलाड़ी के व्यक्तिगत स्पर्धा में जीत हासिल करने पर उसे डेढ़ लाख रुपये देंगे। वर्ष 2025-26 के खिलाड़ियों को भी इसमें शामिल किया गया है। कहा कि हमारा प्रयास है कि युवा ‘खेलो हिमाचल’ के नाम से आगे आएं।