फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kota News: 'हाड़ोती में अब भी कायम है वसुंधरा राजे का जादू', किरोड़ी लाल मीणा का दावा; वीडियो

Fri, 07 Nov 2025 07:00 PM IST
कोटा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा

राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा उपचुनाव में सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गए हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा भी अंता जाने से पहले कोटा सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। मंत्री मीणा ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि अंता उपचुनाव में भाजपा की जीत तय है, क्योंकि वहां वसुंधरा राजे हैं। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे ने मुख्यमंत्री रहते हाड़ोती क्षेत्र में ऐसे विकास कार्य करवाए, जो आज़ादी के बाद कभी नहीं हुए। जनता आज भी उन कार्यों को याद करती है। वसुंधरा का विकास कार्यों के प्रति समर्पण और मिलनसार स्वभाव आज भी हाड़ोती की जनता के दिलों में उनकी जगह बनाए हुए है। कृषि मंत्री ने आगे कहा कि जैसे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट होता है और उनके लिए जाति से बढ़कर राष्ट्र होता है, वैसे ही वसुंधरा राजे भी सभी जातियों से ऊपर उठकर मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और पार्टी अध्यक्ष बनीं। उनके बेटे सांसद बने। इसलिए जातिगत राजनीति करने वालों को जनता अब पहचानने लगी है। कृषि मंत्री मीणा ने बताया कि इस बार हाड़ोती क्षेत्र में अपेक्षा से अधिक बारिश हुई है, जिससे किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस बार दो तरह का नुकसान हुआ एक, जहां बीज बोने के बाद बारिश से वे सड़ गए और दूसरा, जहां पूरी फसल नष्ट हो गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तय किया है कि सभी किसानों को इस नुकसान की भरपाई की जाएगी। जिनकी फसलें खराब हुई हैं, उन्हें बीमा योजना और आपदा राहत, दोनों के तहत मुआवजा मिलेगा चाहे उन्होंने फसल बीमा करवाया हो या नहीं। बाढ़ से जिन लोगों के मकान ढह गए या क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें भी आपदा राहत के तहत सहायता दी जा रही है। मंत्री ने बताया कि इटावा में कांग्रेस विधायक द्वारा किसानों के साथ किया गया धरना उनकी मांगें मानने के बाद समाप्त करा दिया गया। मीणा ने बताया कि अब तक पूरे राज्य में किसानों को 1,700 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है। अकेले कोटा जिले में लगभग 150 करोड़ रुपये फसल बीमा के रूप में वितरित किए जाएंगे, जबकि हाड़ोती के चारों जिलों में लगभग 400 करोड़ रुपये किसानों को दिए जाएंगे। मंत्री मीणा ने कहा कि राज्य में नकली बीज और खाद बनाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 18 बड़े फर्टिलाइज़र प्लांट सील किए जा चुके हैं और जिन 11 फर्मों के सैंपल फेल हुए हैं, उनके लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोटा जिले में भी जल्द कई जगहों पर आकस्मिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “मैं अभी इसलिए कार्रवाई नहीं कर रहा क्योंकि कुछ लोग इसे राजनीति से जोड़ देंगे। जैसे मछली कब पानी पी जाए, पता नहीं चलता, वैसे ही कुछ अधिकारी भ्रष्टाचार करते हैं, लेकिन मेरी नजर उन पर रहती है।”

ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट सख्त: जोजरी, लूणी व बांदी नदियों के प्रदूषण पर एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट; स्वास्थ्य पर संकट

कृषि मंत्री मीणा ने पिछली कांग्रेस सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय बड़े पैमाने पर घोटाले हुए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा, “भजनलाल सरकार बनते ही 76 थानेदारों को जेल भेजा गया, जो देश के इतिहास में पहली बार हुआ। जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, कोई नहीं बचेगा, सबको जेल जाना होगा।” पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा बोले गए अपशब्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए मीणा ने कहा, “उन्होंने मुझे कई बार अपशब्द कहे हैं, लेकिन यह राजनीति का हिस्सा बन गया है, इसका कोई महत्व नहीं है।”

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें