नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत थाना नंबर-5 की पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को 1 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 1 किलो अफीम, 5 हजार प्रेगा की गोलियां, 3 हजार नशीली गोलियां और 22 हजार की ड्रग मनी बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी शुभम शर्मा, निवासी बाबू लाभ सिंह नगर, बताया गया है। सभी आरोपियों की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष के बीच है। एडीसीपी-2 के मुताबिक, पुलिस टीम ने नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, जिसमें अफीम बरामद हुई। जांच में सामने आया है कि आरोपी दूसरे राज्य से नशीली गोलियों की खेप लेकर आए थे। आरोपियों में कपूरथला से संबंधित एक आरोपी भी शामिल बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नंबर-5 में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।