जालंधर देहात के शाहकोट क्षेत्र के गांव रामे में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने दो युवकों को गांव के बाहर घेर लिया और उन्हें जान से मारने की नीयत से कई राउंड गोलियां चलाईं। दोनों युवकों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई, जबकि हमलावर उनका सीटी-100 मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली का एक खोल बरामद किया। तीन साल पुरानी रंजिश को लेकर चल रहा था विवाद पुलिस को दिए बयान में गांव रामे निवासी बलराज सिंह पुत्र बगीचा सिंह ने बताया कि करीब तीन साल पहले गांव के ही जसवंत सिंह पुत्र अजीत सिंह के साथ किसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।