पंजाब के कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मीडिया से बातचीत के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण से जुड़े रामायण के प्रसंग का जिक्र किए जाने पर उनके कथन की आलोचना हो रही है। वहीं, मंत्री ने सफाई देते हुए आरोप लगाया कि धार्मिक समागम की छोटी-सी वीडियो क्लिप काटकर वायरल कर मामले को धार्मिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। रामायण के प्रसंग को लेकर उठे सवाल बताया जा रहा है कि मंत्री महिंदर भगत ने अपने बयान में प्रभु श्रीराम के मर्यादा पुरुषोत्तम स्वरूप का उल्लेख किया। इसके बाद माता सीता के हरण के प्रसंग में लक्ष्मण का नाम लिए जाने को लेकर सवाल उठने लगे। रामायण की प्रचलित कथा के अनुसार, माता सीता का हरण रावण ने किया था। मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना विवाद के बीच महिंदर भगत ने कहा कि विपक्षी नेता धार्मिक कार्यक्रम की छोटी-सी वीडियो क्लिप काटकर वायरल कर रहे हैं। उन्होंने इसे ओछी राजनीति करार देते हुए आरोप लगाया कि इस तरह मामले को धार्मिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। राजनीतिक माहौल गरमाया मंत्री के कथन को लेकर धार्मिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। बयान के एक हिस्से को लेकर आलोचना हो रही है, जबकि मंत्री ने वीडियो क्लिप को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। इस घटनाक्रम के बाद पंजाब की राजनीति में भी हलचल देखने को मिल रही है।