ट्रक यूनियन कीरतपुर साहिब के चल रहे विवाद को लेकर बुधवार को मामला उस समय गरमा गया, जब यूनियन के कार्यकारी प्रधान बलवीर सिंह शाहपुर बेला की अगुवाई में ट्रक ऑपरेटरों ने पहले थाना कीरतपुर साहिब में धरना लगाया। करीब 11 बजे शुरू हुए इस धरने के कुछ समय बाद प्रदर्शनकारी थाने के बाहर पुल के नीचे जाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान बलवीर सिंह के पक्ष की ओर से पुलिस प्रशासन और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के खिलाफ नारेबाजी की गई। कुछ समय बाद यूनियन से जुड़े दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी एक तरफ दरियां बिछाकर धरना लगा दिया। इसके चलते मौके पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।