फरीदकोट में आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला पुलिस ने सोमवार को फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो रेलवे स्टेशनों पर विशेष कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस अभियान के दौरान एंटी-सबोटाज टीमों और डॉग स्क्वायड की मदद से रेलवे स्टेशनों तथा आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई। एसपी इन्वेस्टिगेशन नरेंद्र सिंह की निगरानी में चले अभियान में करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध लोगों को रोककर उनकी तलाशी ली, जबकि जीआरपी के सहयोग से यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। स्टेशन परिसर में बिना किसी स्पष्ट कारण के घूम रहे लोगों से भी पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान कुल 85 संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई। इसके अलावा पार्किंग व आसपास खड़े 49 वाहनों का वाहन ऐप के माध्यम से सत्यापन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि जांच अभियान के दौरान सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।