पंजाब सरकार की हिदायतों और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के निर्देशों के तहत नगर कौंसिल कोटकपूरा की बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में 132 सफाई कर्मचारियों को पक्का करने संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए 24.5 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट भी सर्वसम्मति से पास किया गया। बजट में शहर की सफाई, सुंदरता, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्य शामिल किए गए हैं। बजट के तहत शहर में कूड़े के बेहतर प्रबंधन के लिए नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने संबंधी प्रस्ताव पास कर आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है। इसके अलावा सॉलिड वेस्ट सेग्रीगेशन की व्यवस्थित व्यवस्था करने तथा कूड़े के डंपिंग स्थल के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने का प्रावधान किया गया है। शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, नई स्ट्रीट लाइटें, साइन बोर्ड और पैदल यात्रियों के लिए पेडेस्ट्रियन लाइनें लगाने का काम किया जाएगा। नगर कौंसिल की पुरानी इमारतों में पड़े कबाड़ और अनुपयोगी सामान की खुले में बोली के माध्यम से नीलामी भी करवाई जाएगी। वहीं, नगर कौंसिल द्वारा तैयार की गई पार्किंगों की बोली करवाकर उन्हें ठेके पर देने की व्यवस्था की जाएगी। गलत तरीके से पार्किंग करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इन जनहितैषी फैसलों पर सफाई कर्मचारियों और अन्य सहयोगियों ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तथा नगर कौंसिल कोटकपूरा का धन्यवाद किया।