मोगा सिटी-1 पुलिस ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर निवासी इंद्रा कॉलोनी, जगराओं के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना सिटी-1 प्रभारी गुरबिंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि दोसांझ रोड निवासी सुरजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके घर से अज्ञात चोर सोने का कड़ा, लेडीज अंगूठी और जेंट्स अंगूठी चोरी करके ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 20 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने शेखर निवासी इंद्रा कॉलोनी जगराओं को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने का कड़ा, लेडीज अंगूठी और जेंट्स अंगूठी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।