फिरोजपुर में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के जिला फिरोजपुर के सभी जोनों के नेताओं की बैठक गुरुद्वारा जामनी साहिब वजीदपुर में जिला प्रधान इंद्रजीत सिंह बाठ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ धान की खरीद में किसानों से कम रेट पर खरीद और डीएपी व यूरिया खाद की किल्लत को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश प्रधान सुखविंदर सिंह सभरा ने नेताओं से संगठन के संविधान के अनुसार ढांचे को मजबूत करने और गांव स्तर पर इकाइयों की बैठकें नियमित रूप से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों में अधिक से अधिक फंड एकत्रित कर रखा जाए, ताकि भविष्य में होने वाले संघर्षों के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि मंडियों में अगेती धान की आवक शुरू होने के बाद कुछ व्यापारी प्रशासन की कथित मिलीभगत से सरकार द्वारा निर्धारित रेट से कम कीमत पर धान खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ऐसे मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। नेताओं ने डीएपी और यूरिया खाद की कृत्रिम कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदार अधिक कीमत पर खाद बेचने के लिए किसानों को अन्य सामान लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इस मौके पर धर्म सिंह सिद्धू, सुरजीत सिंह फौजी, बलजिंदर सिंह तलवंडी निपालां, मंगल सिंह स्वाईके सहित विभिन्न जोनों के नेता मौजूद रहे।