मानसा मोर्चा की ओर से दिए गए आह्वान पर रोपड़ में शिरोमणि अकाली दल सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विधायक दिनेश चड्ढा के कार्यालय के बाहर ‘लानत पत्र’ लगाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जब विधायक के कार्यालय के बाहर लानत पत्र लगाने के लिए आगे बढ़ रहे थे, तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी विधायक दिनेश चड्ढा के कार्यालय तक पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की के दौरान कुछ नेता गिर गए। विभिन्न संगठनों के नेताओं ने परमिंदर सिंह झोटे की हत्या को कथित तौर पर सरकारी साजिश बताते हुए आरोप लगाए। नेताओं ने विधायक दिनेश चड्ढा के खिलाफ भी विभिन्न आरोप लगाए।