फरीदकोट के गांव संधवां में किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठनों ने विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के निवास के पास पांच दिवसीय धरना शुरू किया। किसानों ने पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने शंभू-खनौरी बॉर्डर आंदोलन में हुए नुकसान का मुआवजा, एमएसपी की कानूनी गारंटी और बीज व बिजली संशोधन बिलों सहित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग की। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि शंभू-खनौरी बॉर्डर पर किसानों के सामान के नुकसान और कथित चोरी के मामलों में अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। स्पीकर संधवां सहित आठ मंत्रियों के घरों के सामने धरने शुरू किए गए हैं। पुलिस ने ट्रॉलियों को निवास तक ले जाने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद किसानों ने पैदल मार्च कर धरना शुरू किया। नेताओं ने कहा कि पांच दिनों में मांगें नहीं मानी गईं तो संघर्ष तेज किया जाएगा। 16 सितंबर को राज्य स्तरीय बैठक में अगले आंदोलन की घोषणा होगी।