खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मल्लांवाला स्थित चिलिंग सेंटर की जांच कर करीब 21 हजार लीटर दूध की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान विभाग की ओर से दूध के दो सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग के अनुसार चिलिंग सेंटर में मौजूद दूध की जांच के दौरान मापदंडों की पालना सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग की गई। लिए गए दो सैंपलों में एक भैंस के दूध और दूसरा गाय के दूध का है। दोनों सैंपल निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसकी गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग के इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने बताया कि दूध की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार चेकिंग और सैंपलिंग की जा रही है। विभाग ने दूध उत्पादकों, चिलिंग सेंटर संचालकों और दूध कारोबार से जुड़े सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों से अपील की है कि वे दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करें, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराया जा सके।