पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत मोगा नगर निगम और पुलिस ने परवाना नगर में एक कथित नशा तस्कर के अवैध निर्माण पर पीला पंजा चलाया। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी हेडक्वार्टर गुरशरणजीत सिंह संधू ने बताया कि मोगा डीसी कार्यालय की ओर से निर्देश प्राप्त हुए थे कि परवाना नगर निवासी बलराज सिंह द्वारा कथित तौर पर अवैध तरीके से मकान का निर्माण किया गया है। इसके बाद मोगा नगर निगम की ओर से नियमानुसार डिमोलिशन की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए मोगा पुलिस की ओर से करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की फोर्स तैनात की गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बलराज सिंह के खिलाफ अलग-अलग समय में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले भी शामिल हैं। एसपी हेडक्वार्टर ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।