कर्मचारी संगठनों की ओर से अपनी मांगों को लेकर 27 अगस्त को किए जा रहे पंजाब बंद के आह्वान का फरीदकोट के कारोबारी संगठनों ने समर्थन नहीं करने का फैसला किया है। शहर के व्यापार मंडल की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि 27 अगस्त को फरीदकोट शहर के सभी बाजार और दुकानें सामान्य रूप से खुली रहेंगी। कर्मचारी संगठनों की ओर से 27 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी बाजार और दुकानें बंद रहने की जानकारी तेजी से प्रसारित हो रही थी। इसके बाद शहर के कारोबारी संगठनों की बैठक बुलाई गई, जिसमें सर्वसम्मति से बाजार खुले रखने का निर्णय लिया गया। व्यापारी नेताओं ने कहा कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार है, जिसके चलते लोग त्योहार से एक दिन पहले खरीदारी करने के लिए बाजारों में पहुंचते हैं। ऐसे में 27 अगस्त को बाजार बंद रखना कारोबारियों और आम लोगों के लिए उचित नहीं होगा। व्यापारियों ने कहा कि वे किसी भी कर्मचारी संगठन की मांगों के खिलाफ नहीं हैं। इससे पहले विभिन्न संगठनों की ओर से किए गए पंजाब बंद के आह्वानों में कारोबारी अपना समर्थन दे चुके हैं। कुछ समय पहले सिख संगठनों तथा उससे पहले सफाई सेवक यूनियन की ओर से किए गए बंद के आह्वान को भी समर्थन किया गया था। अब चूंकि 28 को रक्षा बंधन का त्यौहार है,ऐसे में 27 को बंद संभव नहीं है।