मोगा के धर्मकोट हल्के में शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज बरजिंदर सिंह माखन बराड़ और जिला प्रधान निहाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने हल्के में नशे की समस्या, विकास कार्यों और सरकारी सुविधाओं को लेकर कई आरोप लगाए। अकाली नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले करीब पांच वर्षों के दौरान धर्मकोट हल्के में नशे से जुड़े मामलों में तीन पुलिस इंस्पेक्टरों के नाम सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि मोगा जिले में सबसे अधिक नशा धर्मकोट हल्के में मिल रहा है, लेकिन इसके बावजूद नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने पुलिस पर हफ्ता वसूली के भी आरोप लगाए। नेताओं ने हाल ही में कोट ईसे खां थाने की प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता बावा की विजिलेंस द्वारा 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तारी का हवाला देते हुए भी विधायक पर सवाल उठाए।